प्रकृति और उद्योग के बीच संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता – दीपतेंदु घोष

Spread the love

सेल-इस्को स्टील प्लांट में ‘वन महोत्सव’ के अंतर्गत वृक्षारोपण

बर्नपुर/ देशभर में प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाला वन महोत्सव इस बार भी पूरे उत्साह और जागरूकता के साथ सेल-इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी) में मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों और कार्यालय परिसरों में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी को मजबूत किया।

वन महोत्सव का उद्देश्य देशवासियों को पेड़ों के महत्व और वनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है, ताकि पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखा जा सके और आने वाली पीढ़ियों को एक हरा-भरा भविष्य मिल सके। इसी उद्देश्य को आत्मसात करते हुए आईएसपी में 4 जुलाई से 7 जुलाई तक विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

4 जुलाई 2025 को निदेशक प्रभारी कार्यालय परिसर में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (वर्क्स)  दीपतेंदु घोष, कार्यपालक निदेशक (प्रोजेक्ट्स)  सुरजीत मिश्रा, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा)  अरूप मुखर्जी, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) प्रभारी  उमेंद्र पाल सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. सुशांत सिन्हा, मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) अशोक कुमार मिश्रा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण सुरक्षा में अपनी सहभागिता को सशक्त किया।  इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कर्मचारियों और आमजनों से अपील की कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसका संरक्षण कर उसे वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

इसके पश्चात 5 जुलाई 2025 को कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) कार्यालय के प्रशासनिक भवन परिसर में भी वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) दीपतेंदु घोष, मुख्य महाप्रबंधक (सेवाएं) प्रभारी  एस आर दास तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं सीजीएम गण उपस्थित थे। सभी ने बारी-बारी से पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने में अपना योगदान दिया।

वन महोत्सव के उपलक्ष्य में 7 जुलाई 2025 को बर्नपुर बॉयज स्कूल ग्राउंड में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा रखने के सामूहिक संकल्प को दोहराया।

आईएसपी प्रबंधन ने इस अवसर पर संदेश दिया कि प्रकृति और उद्योग के बीच संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। पौधारोपण के ऐसे कार्यक्रम न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक होते हैं, बल्कि समाज में हरित चेतना के प्रचार का माध्यम भी बनते हैं। सेल-आईएसपी परिवार आने वाले समय में भी इस तरह के अभियानों के माध्यम से हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ वातावरण सृजित करने के लिए कटिबद्ध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *