33.5 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

मैजिक वाहन से सोनभद्र ले जाया जा रहा था गांजा 

नौगढ़। थाना पुलिस ने गुरुवार को देर रात मुखबिर की सूचना पर 33 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद कर अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर चारपहिया मैजिक वाहन में गांजा लादकर मद्धुपुर (सोनभद्र) की ओर ले जा रहा था।  चेकिंग के दौरान  वाहन सहित चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।गिरफ्तार गांजा तस्कर राजीव कुमार पुत्र रवि कुमार निवासी खण्डामौडा, थाना बहरागोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूमि झारखंड प्रदेश का रहने वाला है।

थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि गुरुवार को रात करीब 10 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि चारपहिया वाहन से गांजे की खेप लेकर तस्कर नौगढ़-मद्धुपुर मार्ग से जाने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद गठित पुलिस टीम जयमोहनी वन रेंज कार्यालय के सामने वाहन चेकिंग करने लगी।  इसी दौरान मद्धुपुर की ओर जा रही एक चारपहिया गाड़ी को रोकने का इशारा किया गया तो चालक वाहन की गति बढ़ाकर भागने लगा।  पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ कर थाने ले आई। तलाशी के दौरान वाहन से 33 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद कर वाहन को सीज कर दिया गया।  गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह, हरिमोहन राम, हेड कांस्टेबल परशुराम तथा कांस्टेबल कोमल परिहार व विनोद कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *