सीसीएल मुख्यालय में द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ

Spread the love

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड मुख्यालय में आज दिनांक 13 जुलाई, 2026 को द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ मुख्य अतिथि  संजय कुमार सिंह, मुख्य प्रबंधक (वित्त) द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने  आदिल हुसैन, प्रबंधक (खेल) के साथ शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में संजय कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन, एकाग्रता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की व्यस्तता के बीच इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा तथा कार्यक्षमता का संचार करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के प्रथम दिन शतरंज प्रतियोगिता का संचालन आर.आर. सिंह के नेतृत्व में तथा कैरम प्रतियोगिता का संचालन शशि भूषण मंडल के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में शतरंज के 33 एवं कैरम के 69 प्रतिभागियों सहित कुल 102 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान दोनों खेलों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट कौशल और खेल भावना का परिचय दिया। कैरम एकल मुकाबलों में अमित जुनैद अख्तर, शशि भूषण मंडल, मनोहर कर्माली, संदीप कुमार एवं प्रभात दयाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीते। वहीं, शतरंज प्रतियोगिता में राजकुमार सिंह, दीपक श्रीवास्तव, रोहित, रामजी उरांव तथा आर.आर. सिंह ने अपनी रणनीतिक सोच और बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में स्थान बनाया। इस द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी ‘सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27’ में सीसीएल मुख्यालय टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन एवं फाइनल मुकाबले 14 जुलाई, 2026 को आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सीसीएल कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *