चन्दौली। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में फरियादियों की शिकायतें गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं।जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जनसुनवाई में राजस्व, विद्युत, पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, भूमि विवाद, अतिक्रमण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसमस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी शिकायत को गंभीरता से समयानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की स्थलीय जांच कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाए।
