स्वैच्छिक रक्तदान और सामाजिक सेवा को बढ़ावा देने के लिए एच. एन. एल. यू. को मिला प्रतिष्ठित “साइटेशन ऑफ ऑनर”सम्मान

Spread the love

रायपुर / हिदायतुल्लाह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एच. एन. एल. यू.), रायपुर को स्वैच्छिक रक्तदान और सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में उसके निरंतर एवं सराहनीय योगदान के लिए छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमन डेका द्वारा प्रतिष्ठित “साइटेशन ऑफ ऑनर” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, लोक भवन में आयोजित विशेष सम्मान समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह का आयोजन रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा किया गया था। यह सम्मान स्वैच्छिक रक्तदान को एक महत्वपूर्ण मानवीय सेवा के रूप में बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के बीच सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के लिए एच. एन. एल. यू. के निरंतर प्रयासों की मान्यता है।

वर्षों से एच. एन. एल. यू. की लीगल एंड सोशल सर्विसेज कमेटी, जिसकी अध्यक्षता डॉ. कौमुदी छल्ला कर रही हैं, तथा प्रो बोनो क्लब, जिसका नेतृत्व डॉ. परवेश राजपूत कर रहे हैं, नियमित रूप से रक्तदान शिविरों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करते रहे हैं। इन पहलों ने विश्वविद्यालय समुदाय को इस जीवनरक्षक अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया है। इन कार्यक्रमों ने न केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयासों को महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है, बल्कि कक्षा से बाहर समाज के साथ विश्वविद्यालय के जुड़ाव को भी मजबूत किया है। विश्वविद्यालय के ये सामाजिक पहल कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) वी. सी. विवेकानंदन की उस दृष्टि से प्रेरित रही हैं, जिसमें वे लीगल एजुकेशन को समाज से जोड़ने तथा कम्युनिटी सर्विस को अकादमिक एक्सीलेंस के साथ एकीकृत करने पर बल देते हैं। उनके नेतृत्व में एच. एन. एल. यू. ने सामाजिक और विकासात्मक महत्व के अनेक प्रभावशाली कार्यक्रम संचालित किए हैं, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण और जनसेवा में विधि शिक्षा की भूमिका को और सशक्त बनाया है।

विश्वविद्यालय की ओर से प्रभारी कुलसचिव डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने समारोह में राज्यपाल से साइटेशन ऑफ ऑनर प्राप्त किया। इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी (IRCS), छत्तीसगढ़ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एम. के. राउत (आईएएस, सेवानिवृत्त) तथा महासचिव डॉ. रूपल पुरोहित सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। एच. एन. एल. यू. परिवार ने इस सम्मान को सामाजिक सेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों के प्रति विश्वविद्यालय की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण स्वीकृति बताया। विश्वविद्यालय समाज के लिए सार्थक योगदान देने वाली पहलों को आगे बढ़ाने तथा नई पीढ़ी को नागरिक उत्तरदायित्व और संवेदनशील सेवा की भावना अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु संकल्पित है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *