हिंदी न केवल हमारी मातृभाषा है बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और एकता का भी प्रतीक है – पवन कुमार रावत

Spread the love

एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में हिंदी पखवाड़ा 2026 का भव्य शुभारंभ

हजारीबाग। एनएमएल पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में हिंदी पखवाड़ा 2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। बीते वर्षों की तरह इस वर्ष भी हिन्दी पखवाड़ा का आयोजन 14 से 28 सितम्बर 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएँ और गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनका उद्देश्य कर्मचारियों एवं परिवारजनों को हिंदी के प्रयोग हेतु प्रेरित करना है।

औपचारिक शुभारंभ आज सम्मेलन कक्ष सीकरी में हुआ। इस अवसर पर पवन कुमार रावत, महाप्रबंधक (इन्फ्रा) ने विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों को राजभाषा की शपथ दिलायी की वे हिंदी को कार्य और संवाद की भाषा बनायें।

अपने उद्बोधन में  रावत ने कहा कि हिंदी न केवल हमारी मातृभाषा है बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान और एकता का भी प्रतीक है। कार्यस्थल पर हिंदी का प्रयोग बढ़ाने से कर्मचारियों के बीच बेहतर संवाद और कार्यकुशलता सुनिश्चित होगी।

हर वर्ष 14 सितम्बर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। वर्ष 1949 में इसी दिन भारत की संविधान सभा ने हिंदी को देश की राजभाषा का दर्जा प्रदान किया था। आज हिंदी विश्व की तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है, जिस पर हम सभी को गर्व होना चाहिए।

एनएमएल पकरी बरवाडीह में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत निबंध लेखन, कविता पाठ, प्रश्नोत्तरी एवं अन्य प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को हिंदी भाषा के प्रयोग और प्रचार-प्रसार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

एनएमएल पकरी बरवाडीह परिवार का संकल्प है कि हिंदी भाषा को कार्य और संवाद की मुख्य धारा में और अधिक सशक्त रूप से जोड़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *