हिंदी सिर्फ भाषा ही नहीं, बल्कि संस्कृतियों के बीच सेतु का काम करने वाली अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है – किशोर कुमार होता

Spread the love

एनटीपीसी विंध्याचल में ‘गज फुट इंच’ नाट्य मंचन के साथ हिंदी पखवाड़ा 2026 का हुआ भव्य समापन

 
सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी-विंध्याचल परियोजना में दिनांक 28 सितम्बर 2026 को उमंग भवन सभागार में हिंदी पखवाड़ा 2026 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर ‘गज फुट इंच’ नाटक का सफल मंचन हुआ, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। तत्पश्चात एनटीपीसी गीत गाकर कार्यक्रम को गति प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण)  एम सुरेश उपस्थित रहे। साथ ही महाप्रबंधक (तकनीकी एवं सेवाएं) देवव्रत त्रिपाठी, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं एडीएम) निर्मल कुमार के साथ-साथ सभी महाप्रबंधक गण, अपर महाप्रबंधक गण, विभागाध्यक्ष, कामायनी साहित्य संस्थान, लखनऊ की टीम,  सुहासिनी संघ की पदाधिकारी एवं सदस्याएँ, राजभाषा नोडल अधिकारी एवं यूनियन एवं एसोसिएशन पदाधिकारीगण सम्मिलित हुये। साथ ही डीपीएस, डी-पॉल, सरस्वती तथा शासकीय स्कूल, विंध्यनगर के प्रधानाध्यापक गण, शिक्षकगण,  वरिष्ठ अधिकारी गण, कर्मचारी एवं उनके परिवारजनों के साथ-साथ विजयी प्रतिभागी गण एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहें।
तत्पश्चात समारोह के आरंभ में कामायनी साहित्य संस्थान, लखनऊ की टीम द्वारा डॉ. के.पी. शर्मा द्वारा लिखित कहानी ‘गज-फुट-इंच’ का प्रभावशाली नाट्य मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने बेहद सराहा। उत्कृष्ट अभिनय से हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान होता रहा।
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता ने हिंदी पखवाड़ा, 2026 के   सभी विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कारों से सम्मानित किया। अपने ओजस्वी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में पुरस्कार पाना अत्यंत प्रसन्नता की बात है, किंतु प्रतिभागिता करना भी किसी से कम नहीं है। प्रतिभागिता कर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करना एवं उसे निखारना बेहद आवश्यक है। इस भावना के साथ आप सबने बेहद उत्साह के साथ इस बार हिंदी पखवाड़े में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, इसके लिए आप सब बधाई के पात्र हैं। श्री होता ने कहा कि हिंदी हम सबको एक सूत्र में पिरोने का कार्य करती है। यह सिर्फ भाषा ही नहीं, बल्कि संस्कृतियों के बीच सेतु का काम करने वाली अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आह्वान किया कि हिंदी केवल एक सप्ताह या एक पखवाड़े तक सीमित न रहे, बल्कि हम वर्ष भर हिंदी का उत्सव ऐसे ही मनाते रहें। साथ ही उन्होने मानव संसाधन राजभाषा अनुभाग द्वारा किए गए हिंदी पखवाड़ा 2026 के सफल आयोजन की प्रशंसा की एवं सभी विजयी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनायें दी। कार्यक्रम का समापन सभी विजयी प्रतिभागियों के सम्मान के साथ हुआ।
हिंदी पखवाड़ा, 2026 के समापन समारोह का सफल संचालन आफिसर(मानव संसाधन) श्रीमती अनम खान एवं धन्यवाद ज्ञापन सहायक अधिकारी (राजभाषा)  कल्याण सिंह द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *