अनपरा सोनभद्र। अनपरा बाजार में मंगलवार को जीएसटी विभाग की टीम ने पान मसाला और गुटखा के थोक कारोबारी फर्म जय अम्बे ट्रेडर्स के कई दुकानों और गोदामों पर जांच की। टीम की अचानक हुई कार्रवाई से बाजार में हड़कंप मच गया। कार्रवाई दोपहर करीब एक बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चली।
जानकारी के अनुसार जीएसटी अधिकारियों को फर्म के क्रेडिट लेजर में करीब 74 लाख रुपये से अधिक का बैलेंस प्रदर्शित होने की जानकारी मिली थी। इसी को लेकर विभागीय टीम फर्म के अभिलेखों और कारोबार से संबंधित दस्तावेजों की जांच करने पहुंची थी। जांच के दौरान फर्म के मालिक राजेश की ओर से विभाग के समक्ष एक दस्तावेज प्रस्तुत किया गया। इसमें करीब 74 लाख रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट रिवर्स किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद क्रेडिट लेजर में दिखाई दे रही उक्त राशि सरकारी खाते में वापस चली गई।
जीएसटी टीम ने मौके पर फर्म में उपलब्ध स्टॉक का विवरण भी दर्ज किया। हालांकि मौके पर दर्ज स्टॉक और अकाउंट बुक में दर्ज स्टॉक का मिलान अभी पूरा नहीं हुआ है। अधिकारियों ने फर्म के प्रोपराइटर से अकाउंट बुक समेत अन्य संबंधित दस्तावेज विभागीय कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक मौके पर सभी आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए गए थे। विभागीय जांच में फिलहाल 74 लाख रुपये की रिवर्स होने की बात सामने आई है। स्टॉक और लेखा अभिलेखों के मिलान के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी। टीम के आने की सूचना मिलते ही अनपरा बाजार के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। बाजार में कार्रवाई को लेकर काफी देर तक चर्चाओं का दौर चलता रहा। टीम में डिप्टी कमिश्नर कनक तिवारी, असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र वर्मा और राज्य कर अधिकारी विजय कुमार मौर्य शामिल रहे।
