सीसीएल द्वारा “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तहत गांधी नगर में भव्य तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी का आयोजन

Spread the love

राँची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा 17 अगस्त, को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर में भव्य “तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से सीसी एंड पीआर विभाग, सीसीएल के प्रमुख श्री आलोक कुमार गुप्ता, विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, डीएवी गांधी नगर के प्रधानाध्यापक श्री पी. के. झा, शिक्षकगण तथा सैंकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सीसीएल के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ गांधी नगर कैंपस का भ्रमण किया। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के साथ यात्रा पूरे कैंपस का भ्रमण करते हुए पुनः विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई।

गौरतलब है कि सीसीएल मुख्यालय समेत विभिन्न कोयला क्षेत्रों में 9 अगस्त, 2026 से 17 अगस्त, 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आज सीसीएल गांधी नगर कैंपस में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करना है। इस अवसर पर सीसी एंड पीआर विभाग, सीसीएल के प्रमुख आलोक कुमार गुप्ता ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से विशेष रूप से युवा पीढ़ी में देश के प्रति गौरव और जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सीसीएल सदैव सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहा है और आगे भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *