वाराणसी। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित विशेष जन-जागरूकता अभियान “गंगोत्री से गंगासागर” योग यात्रा के अन्तर्गत आज वाराणसी के रविदास घाट पर भव्य योग एवं जनसम्पर्क कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। गंगा तटवर्ती प्रमुख नगरों को जोड़ते हुए संचालित यह यात्रा योग, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जन-जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुँचा रही है। यह अभियान 13 जून 2026 को गंगोत्री से प्रारम्भ होकर 20 जून 2026 को गंगासागर तक विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों—ऋषिकेश, हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी, पटना एवं हुगली—से होकर गुजर रहा है। वाराणसी इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा, जहाँ बड़ी संख्या में योग साधकों, विद्यार्थियों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ रहे। वहीं आयुष मंत्रालय, भारत सरकार की महानिदेशक डॉ. चित्रा बी जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में अतिथियों ने योग को स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवनशैली का आधार बताते हुए नागरिकों से इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “Yoga for Healthy Ageing” के अनुरूप वक्ताओं ने स्वस्थ वृद्धावस्था, मानसिक संतुलन, तनाव प्रबंधन तथा समग्र स्वास्थ्य में योग की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज विश्वभर में व्यापक स्वीकार्यता प्राप्त हो चुकी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग एक वैश्विक जन-आन्दोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है तथा अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से करोड़ों लोग इसके लाभों से जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम में संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के संकाय प्रमुख प्रो. राजाराम शुक्ल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के संयोजक प्रो. शशिकांत द्विवेदी ने उपस्थित सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष श्री संजय सिंह ‘बबलू’ ने योग प्रशिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास, जन-जागरूकता गतिविधियों तथा संवाद सत्रों का आयोजन किया गया। उपस्थित सभी नागरिकों ने 21 जून को आयोजित होने वाले अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन आचार्य वागीश ओझा द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रो. धनंजय पाण्डेय, एच. लूसी गेस्ट, अनिल केसरी, सुधांशु मिश्रा, वेंकटेश मिश्र, योगेश भट्ट, सत्यनारायण पाण्डेय, अभिनव शंकर पाण्डेय, अवधेश चौहान, श्वेता दुबे, यशिता शर्मा, आयुष शर्मा, प्रीति चौबे, आशीष दुबे, सुरभि यादव, आदित्य झा,आशीष पाण्डेय सहित अनेक गणमान्य नागरिक, योग प्रशिक्षक, विद्यार्थी एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
