सीसीएल में ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर 2026 का भव्य शुभारंभ

Spread the love

रांची । सीसीएल मुख्यालय, रांची द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभा के संवर्धन हेतु ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 18 मई से 31 मई 2026 तक प्रातः 6:00 बजे से 8:30 बजे तक गांधी नगर क्रीड़ागन, सीसीएल, रांची में आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में कुल 253 बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन  18 मई  को प्रातः 6:00 बजे  डी. देवी प्रसाद, महाप्रबंधक (वित्त), सीसीएल के करकमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में श्री प्रसाद ने उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए खेलों में सक्रिय भागीदारी हेतु उत्साहपूर्वक प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

   डी. देवी प्रसाद ने कल्याण विभाग द्वारा शिविर के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की आधारशिला होते हैं। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण शिविर का पूरा लाभ उठाएं तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लें। 

उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वॉलीबॉल प्रशिक्षण  निशिकांत पाठक,  संजय ठाकुर एवं  सतीश कुमार द्वारा दिया जा रहा है, जबकि क्रिकेट प्रशिक्षण  जीशान खान,  धनंजय सेंद्रिय एवं  लालन सिंह द्वारा प्रदान किया जा रहा है। इन अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में बच्चों को तकनीकी दक्षता एवं खेल कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर के सुचारु एवं सफल आयोजन में  मोहित राज मिंज, रवि शंकर मंडल एवं  राकेश कुमार पाठक सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। वे शिविर से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने हेतु विशेष समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *