सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र में आयोजित स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (SIH) कार्यक्रम के तहत 19 सितंबर को पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इससे पहले 11 एवं 12 सितंबर को कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण का आयोजन हुआ था, जिसमें कुल 40 टीमों ने प्रतिभाग किया। इनमें 29 सॉफ्टवेयर तथा 11 हार्डवेयर आधारित टीमें शामिल रहीं। कार्यक्रम के पहले दिन प्रतिभागी टीमों को विशेषज्ञों एवं अतिथियों द्वारा आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विद्यार्थियों को अपने प्रोजेक्ट में सुधार करने तथा नवीन एवं प्रभावी तकनीकी समाधान विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। दूसरे दिन सभी प्रतिभागी टीमों के प्रोजेक्ट का मूल्यांकन (इवैल्यूएशन) किया गया।
प्रारंभिक चरण के बाद कुल 40 टीमों में से 17 टीमों ने फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद 16 एवं 17 सितंबर को फाइनल राउंड आयोजित किया गया, जिसमें चयनित टीमों ने अपने प्रोजेक्ट एवं नवाचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. प्रशांत पांडेय रहे। 19 सितंबर को आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में हार्डवेयर श्रेणी में प्रथम स्थान ‘द सेवियर’ टीम ने प्राप्त किया, जिसके लीडर आलोक कुमार हैं। द्वितीय स्थान ‘कृषि विजन’ टीम ने प्राप्त किया, जिसके लीडर सत्यम तिवारी हैं, जबकि तृतीय स्थान ‘एंटीफाल्कन’ टीम ने प्राप्त किया, जिसके लीडर प्रधुमन सिंह हैं।
सॉफ्टवेयर श्रेणी में प्रथम स्थान ‘माइनटेक’ टीम ने प्राप्त किया, जिसकी लीडर हिमानी नाग हैं। द्वितीय स्थान ‘कॉम्प्लिस्कैन’ टीम ने प्राप्त किया, जिसकी लीडर श्रद्धा सिंह हैं, जबकि तृतीय स्थान ‘रिज़ालिटिक्स’ टीम ने प्राप्त किया, जिसकी लीडर दीपिका सिंह हैं। इस अवसर पर डॉ. प्रशांत पांडेय ने सभी जूरी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। संस्थान के निदेशक प्रोफेसर के. एस. वर्मा ने विद्यार्थियों के नवाचारों की सराहना करते हुए उन्हें इन विचारों एवं प्रोजेक्ट्स को स्टार्टअप में परिवर्तित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर डॉ. अमोद कुमार तिवारी, डॉ. हिमांशु कटियार,डॉ. डी. के. त्रिपाठी, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. हरीश चंद्र उपाध्याय, डॉ. आशीष रंजन मिश्रा, डॉ. मैनेजर यादव, आशीष श्रीवास्तव, राम ईश्वर वैस तथा सिकंदर सहित अन्य फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन आईईईई स्टूडेंट ब्रांच द्वारा किया गया। SIH के इस आयोजन ने विद्यार्थियों को नवाचार, तकनीकी दक्षता, टीमवर्क एवं समस्या-समाधान के साथ अपने विचारों को स्टार्टअप के रूप में विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
