एनटीपीसी रिहंद में बालिका सशक्तिकरण अभियान-2025 का हुआ समापन

Spread the love

बीजपुर | एनटीपीसी रिहंद परियोजना में बालिका सशक्तिकरण अभियान 2025 का समापन समारोह बुधवार को तरंग प्रेक्षागृह में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख (रिहंद) अनिल श्रीवास्तव नें अध्यक्षा वर्तिका महिला मंडल समिति शिखा श्रीवास्तव की गरिमामई उपस्थिति में किया। 

21 मई  से 18 जून तक चले इस एक माह के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में आस पास के ग्रामीण विद्यालयों की 120 बालिकाओं नें भाग लिया जिन्हें प्रशिक्षण के दौरान केवल शिक्षा ही नही दी गयी बल्कि उनके सम्पूर्ण विकास  के लिए सभी उपयोगी प्रशिक्षण जैसे व्यक्तित्व विकास, दैनिक जीवन कौशल, संचार कौशल विकास, स्वास्थ्य और स्वच्छता, शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कौशल विकास की ट्रेनिंग भी दी गयी है। इसके अलावा अन्य दैनिक जीवन उपयोगी प्रशिक्षण जैसे- योगा, खेल-कूद आदि का ज्ञान प्रदान करते हुये उन्हे जीवन के हर परिस्थिति में जीवन जीने की कला को भी दिखाया गया है। 

सर्वप्रथम कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं सहअतिथियों नें बालिकाओं द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं बालिकाओं द्वारा बनाए गए क्राफ्ट को खूब सराहा।  

तदोपरांत जेम बालिकाओं द्वारा विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसमें योग, बीहू नृत्य, समूह नृत्य, कविता व लघु नाटिका आदि शामिल थे। इन कार्यक्रमों नें उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया एवं सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुये मुख्य अतिथि, कार्यकारी निदेशक (रिहंद) अनिल श्रीवास्तव नें कहा कि बेटियाँ हर परिवार की मजबूत नींव होती हैं, और जब नींव मजबूत होती है, तो पूरा परिवार सशक्त और स्थिर बनता है। इसी विश्वास के साथ, बेटियों को शिक्षित करने हेतु एनटीपीसी रिहंद का संकल्प एक सशक्त और विकसित भारत की दिशा में प्रेरणा का स्रोत है। 

उन्होने यह भी कहा कि जेम की प्रथम बैच (2018) की बालिकाओं ने सफलतापूर्वक कक्षा 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है और उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर हैं। उन्होने इस उपलब्धि को जेम कार्यक्रम के दीर्घकालिक प्रभाव का सशक्त प्रमाण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *