*‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसानों से संतुलित उर्वरकों के प्रयोग तथा हरी खाद की फसल की बुवाई करने तथा फसल चक्र अपनाने की अपील की गई*
वाराणसी। विकास खंड अराजीलाइन के बहुउद्देशीय किसान कल्याण केंद्र, जंसा पर शुक्रवार को विधानसभा रोहनिया के विधायक डॉ सुनील पटेल द्वारा यूपी एग्री योजना अंतर्गत चयनित किसानों को निशुल्क धान, ढैंचा एवं मिश्रित हरी खाद की बीज का वितरण किया गया। इस अवसर पर विधायक डॉ सुनील पटेल द्वारा ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत किसानों से संतुलित उर्वरकों के प्रयोग करने तथा हरी खाद की फसल की समय से बुवाई करने तथा फसल चक्र अपनाने की अपील की गई।
इस अवसर पर उप कृषि निदेशक अमित जायसवाल के द्वारा किसान भाइयों को एक पेड़ मां के नाम लगाने का आह्वान किया गया। यूपी एग्रीज परियोजना के डीपीएम बी के राव के द्वारा परियोजना के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई और बताया गया कि यह योजना विश्व बैंक के सहयोग से चलाई जा रही है। इसमें 5 वर्षों तक किसान भाइयों का विभिन्न स्तर पर बहुमुखी विकास किया जाएगा, जिससे किसान भाई आर्थिक रूप से मजबूत हो सके। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह के द्वारा कार्यक्रम का संचालन करते हुए कृषि विभाग के विभिन्न योजनाओं का विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई साथ ही साथ किसान भाइयों से अपील किया गया कि धान एवं ढैंचा का बीज जो ले जा रहे हैं। उसकी बुवाई समय से कर दें अब विलंब करने पर उत्पादन में गिरावट आएगी। इस अवसर पर भारी संख्या में किसान उपस्थित रहे तथा सहायक विकास अधिकारी कृषि व अन्य कृषि विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
