माघ मेला-2027 की तैयारियों के संबंध में प्रयागराज मंडल में प्रथम आंतरिक समीक्षा बैठक सम्पन्न

Spread the love

प्रयागराज।  आगामी माघ मेला-2027 की व्यापक तैयारियों के क्रम में आज 31 जुलाई,  को प्रयागराज मंडल के संकल्प सभागार में प्रथम आंतरिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने की। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मो. मुबश्शिर वारिस सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान माघ मेला-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली तैयारियों एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने माघ मेला-2027 की विभागवार कार्ययोजना पर विस्तृत पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण दिया। प्रस्तुतीकरण के दौरान संभावित यात्री भार, प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ प्रबंधन, विशेष मेला ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बहुभाषी उद्घोषणा प्रणाली, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में प्रयागराज जंक्शन, नैनी, प्रयागराज छिवकी एवं सूबेदारगंज सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अस्थायी यात्री आश्रयों की स्थापना, अतिरिक्त टिकट काउंटर, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), दिशा-सूचक संकेतक, बहुभाषी उद्घोषणाएं, सीसीटीवी आधारित निगरानी, चिकित्सा सहायता केंद्र, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन की व्यापक तैयारियों पर विशेष बल दिया गया। साथ ही संबंधित विभागों को मेला प्रशासन एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ समयबद्ध समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवगत कराया गया कि माघ मेला-2027 का आयोजन 15 जनवरी, 2027 से 6 मार्च, 2027 तक प्रस्तावित है। इस अवधि में मकर संक्रांति (15 जनवरी), पौष पूर्णिमा (22 जनवरी), मौनी अमावस्या (06 फरवरी), बसंत पंचमी (11 फरवरी), माघी पूर्णिमा (20 फरवरी) तथा महाशिवरात्रि (06 मार्च) प्रमुख स्नान पर्व होंगे, जिनके दौरान प्रयागराज में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएंगी।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि माघ मेला-2026 से प्राप्त अनुभवों का समुचित उपयोग करते हुए प्रत्येक विभाग अग्रिम योजना, बेहतर समन्वय तथा आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के साथ अपनी तैयारियां सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम, सुविधाजनक एवं उत्कृष्ट रेल सेवाएं उपलब्ध कराना प्रयागराज मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी कार्ययोजना तैयार करें तथा नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्यों की सतत निगरानी एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें, ताकि माघ मेला-2027 के दौरान यात्रियों को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *