सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्रांतर्गत धर्मशाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बृहस्पतिवार को दोपहर में इंजेक्शन लगने के बाद एक मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों की ओर से रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी को दी गई तहरीर के मुताबिक, चुर्क वार्ड नंबर-1 निवासी सुरेंद्र की दो वर्षीय पुत्री को बुधवार को तेज बुखार था। देर रात बुखार अधिक बढ़ने पर वृहस्पतिवार को करीब तीन बजे भोर में वह बच्ची को लेकर धर्मशाला रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने बच्ची का परीक्षण करने के बाद कई जांच कराई। दोपहर 12 बजे जांच रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टर ने एक इंजेक्शन लिखकर उसे लगाने के लिए कहा। तहरीर में आरोप है कि सुरेंद्र ने मेडिकल से इंजेक्शन लेकर अस्पताल की नर्स को दिया। इंजेक्शन लगाते ही बच्ची की हालत बिगड़ गई और उसकी तत्काल मौत हो गई। इस घटना की जानकारी होने पर अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। करीब तीन बजे दिन में परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह और महिला थाना प्रभारी सविता सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाकर ढांढस बंधाते हुए शांत कराया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने प्रार्थना पत्र देकर अस्पताल बंद कराने और मामले में कानूनी कार्रवाई किये जाने मांग की है। जबकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मासूम की मौत होने पर परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
