संजय चतुर्वेदी एवं राजेश पाल के लंबे सेवाकाल को किया गया याद
बरगँवा । हिंडालको महान में लंबे एवं समर्पित सेवाकाल के बाद सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ अधिकारियों संजय चतुर्वेदी एवं राजेश पाल के सम्मान में शीर्ष प्रबंधन द्वारा भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनके योगदान, कार्यशैली, अनुभव और सहकर्मियों के साथ आत्मीय संबंधों को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। संजय चतुर्वेदी ने वर्ष 1986 में आदित्य बिरला समूह में ट्रेनी इंजीनियर के रूप में अपनी सेवा यात्रा शुरू की और लगभग 40 वर्षों तक संगठन को सेवाएं दीं। उन्होंने ऑपरेशंस, मेंटेनेंस, प्रोजेक्ट्स एवं मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महान में Cast House Greenfield Project की स्थापना, कमीशनिंग एवं स्थिरीकरण में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
वहीं राजेश पाल ने 4 मार्च 1992 को आदित्य बिरला समूह के साथ अपनी सेवा यात्रा शुरू की और लगभग 34 वर्षों तक संगठन को अपनी सेवाएं दीं। रेनुकूट एवं महान इकाइयों में उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग, प्लानिंग एवं ऑपरेशंस के क्षेत्र में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। नॉन-मैनेजमेंट कैडर से शुरुआत कर मैनेजर, AH Services, Smelter Potroom तक का उनका सफर मेहनत और समर्पण का उदाहरण रहा। इस अवसर पर इकाई प्रमुख लिनु पंचमन ने कहा कि दोनों अधिकारियों का लंबा सेवाकाल संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व और कार्य के प्रति समर्पण की कमी संस्था को महसूस होगी।
स्मेल्टर हेड एस. शशि कुमार ने दोनों अधिकारियों की तकनीकी दक्षता, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने अनुभव से कार्यस्थल पर सकारात्मक कार्यसंस्कृति को मजबूत किया। पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक ने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं स्वामित्व की भावना के साथ निभाया और उनका कार्यकाल नई पीढ़ी के कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। समारोह में रोहित मतेती , गौरव वर्मा, निर्दोष कुमार, रंधीर वत्स, प्रणव सोनी, संजय सिंह, प्रतीक बाजपेयी , राम जतन गुप्ता,सुनील चौबे, अनिल सिंह, सूर्यकांत नायक, पी.के. बोस, दीपक सोनी, अभिषेक उर्मलिया, प्रियंका शर्मा, दीपक तिवारी, दिग्विजय सिंह, विवेक शर्मा, अर्चना, जेनी एवं श्वेता सहित अन्य अधिकारी एवं सहकर्मी उपस्थित रहे।
इस दौरान उपस्थित सभी सहयोगियों ने अपने-अपने आत्मीय एवं भावपूर्ण वक्तव्यों के माध्यम से संजय चतुर्वेदी एवं राजेश पाल के साथ कार्य करने के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने दोनों अधिकारियों के सरल व्यवहार, सहयोगी कार्यशैली, अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें जीवन की नई पारी के लिए बेहतर कल, स्वस्थ जीवन, सुख-समृद्धि और सफलता की शुभकामनाएं दीं। विदाई अवसर पर संजय चतुर्वेदी ने भावुक होते हुए कहा कि लगभग चार दशक का यह सफर उनके जीवन की महत्वपूर्ण यात्रा रहा है और हिंडालको परिवार से मिले स्नेह, सहयोग एवं अनुभव को वे हमेशा अपनी अमूल्य पूंजी के रूप में संजोकर रखेंगे।
राजेश पाल ने भी सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 34 वर्षों के इस सफर में उन्हें संस्था से बहुत कुछ सीखने और अनेक आत्मीय रिश्ते बनाने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि हिंडालको परिवार की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।समारोह का माहौल भावनात्मक होने के साथ-साथ आत्मीय और यादगार रहा। अंत में प्रबंधन एवं सहकर्मियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी, समृद्ध एवं बेहतर भविष्य की मंगलकामना की।
