दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय तहसील परिसर स्थित सभागार में शुक्रवार को एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इसमें दुद्धी तहसील में लंबे समय से तैनात राजस्व कर्मचारी अशोक गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों की आंखें नम हो गईं।
राजस्व कर्मचारी अशोक गुप्ता की तहसील परिसर में एक अलग और अनूठी पहचान रही है। वे हर नए साल के अवसर पर लोगों को गुलाब का फूल भेंट करते थे और मिठाई खिलाकर नए वर्ष की शुभकामनाएं देते थे। अपनी इसी परंपरा को जीवंत रखते हुए उन्होंने आज अपनी सेवानिवृत्ति के विशेष दिन पर भी तहसील के सभी राजस्व अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ता गणों को गुलाब का फूल भेंट किया। उनके इस सहृदय व्यवहार ने विदाई समारोह को और भी यादगार बना दिया।
समारोह में उपस्थित राजस्व अधिकारियों, अधिवक्ताओं और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने अशोक गुप्ता को फूल-मालाएं पहनाईं। उन्हें अंगवस्त्र और सुंदर पुष्पगुच्छ (बुके) भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठापूर्वक निर्वहन किया। जनता की समस्याओं को सुलझाने में उनका रवैया हमेशा सहयोगात्मक रहा।इस विदाई वेला पर उपस्थित सभी लोगों ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना करते हुए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस विशेष विदाई कार्यक्रम में दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय,वरिष्ठ अधिवक्ता विजय कुमार, पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, रामपाल जौहरी, एसडीएम न्यायालय के पेशकार राकेश नवीन, स्टेनो बाबू विजेंद्र सिंह सहित तहसील प्रशासन के अधिकारियों, राजस्व कर्मियों और भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
दुद्धी तहसील में राजस्व कर्मचारी अशोक गुप्ता को दी गई भावभीनी विदाई
