बारा । एनटीपीसी अंता द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए छाता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस जनकल्याणकारी पहल का उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सहयोग प्रदान करना तथा समाज के प्रति एनटीपीसी की सामाजिक प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में प्रेरणा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती मनीषा बवेजा, उपाध्यक्षा श्रीमती संतोषी देशमुख, जनरल सेक्रेटरी श्रीमती रश्मि सिंह तथा मानव संसाधन प्रमुख श्री दिलेर सिंह कुहाड़ उपस्थित रहे। अतिथियों ने लाभार्थियों को छाते वितरित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा इस पहल को समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए उपयोगी एवं संवेदनशील प्रयास बताया।
इस अवसर पर प्रेरणा महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती मनीषा बवेजा ने कहा कि एनटीपीसी अंता अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से परियोजना प्रभावित एवं आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा सामुदायिक विकास से जुड़े अनेक जनहितकारी कार्यक्रमों का नियमित रूप से संचालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह छाता वितरण कार्यक्रम भी इन्हीं प्रयासों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। वर्षा ऋतु के दौरान वितरित किए गए छाते लाभार्थियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों से सुरक्षा प्रदान करेंगे, जिससे वे अपनी दैनिक दिनचर्या एवं रोजमर्रा के रोजगार का सुचारु रूप से निर्वहन कर सकेंगे।
