पात्र लाभार्थियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने पर दिया जोर’
सोनभद्र। विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारी को योजना की रूपरेखा तैयार कर बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा सके। इसी प्रकार फैमिली आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने फैमिली आईडी की प्रगति में तेजी लाने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के माध्यम से पात्र एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को लाभान्वित करने तथा उन्हें अधिक से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का सभी संबंधित अधिकारी नियमानुसार अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
