पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान और 9 बजे ध्वजारोहण के निर्देश
चंदौली। महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जनपदस्तरीय कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई इस बैठक में कार्यक्रमों के सफल आयोजन, कानून व्यवस्था और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बिंदुवार समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती जनपद में गरिमामय एवं भव्य रूप से मनाई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि जयंती से पूर्व ही जनपद के सभी सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई पर विशेष बल देते हुए कहा कि केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि धरातल पर स्वच्छता दिखाई देनी चाहिए।
डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 02 अक्तूबर की सुबह ठीक 09:00 बजे जनपद के सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को अपने-अपने कार्यालय परिसर को स्वच्छ, सुसज्जित और अनुशासित रखने के निर्देश दिए। डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी करने के सख्त निर्देश दिए हैं। तैयारियों की इस समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जनपद की समस्त तहसीलों के उप जिलाधिकारी और अन्य जनपदस्तरीय विभागीय अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
