निर्माणाधीन न्यायालय भवन का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Spread the love

कार्य की प्रगति धीमी रहने पर कार्यदाई संस्था को तेजी लाने के निर्देश

*चन्दौली। चंदौली जिले में न्याय व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और सुगम बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन का जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को तय समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। कार्यस्थल पर मैनपावर और मशीनरियों की संख्या तुरंत बढ़ाकर कार्य में अपेक्षित तेजी लाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर के विभिन्न खंडों, अदालती कक्षों, अधिवक्ताओं के बैठने के स्थान तथा आम जनता के लिए तैयार की जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कार्य की गति और प्रयुक्त की जा रही सामग्रियों की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री उच्च मानक की होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि जल्द से जल्द न्यायालय परिसर का लाभ अधिवक्ताओं और वादकारियों को मिल सके। संबंधित विभागीय अधिकारी नियमित रूप से मौके पर जाकर प्रगति की समीक्षा करते रहें। जिलाधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि नए भवन में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम जनता के लिए पेयजल, शौचालय, पार्किंग और बैठने की समुचित व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही परिसर में हरियाली और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभाग के अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *