बीसीसीएल की सीएसआर पहल के तहत बोकारो में दिव्यांगजनों के बीच मोटराइज्ड ई-ट्राइसाइकिलों का वितरण

Spread the love

धनबाद। बीसीसीएल की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत आज बोकारो समाहरणालय परिसर में मोटराइज्ड ई-ट्राइसाइकिल वितरण समारोह का आयोजन हुआ। दुग्दा कोल वाशरी, बीसीसीएल एवं बोकारो जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त, बोकारो ए.एन. झा ने किया, जिसके तहत क्षेत्र के 10 दिव्यांगजनों के बीच मोटराइज्ड ई-ट्राइसाइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर बीसीसीएल के महाप्रबंधक (वॉशरी)  मो. सोहैल इकबाल, सलाहकार (भूमि)  एन.के. अग्रवाल, बीसीसीएल सीएसआर टीम तथा बोकारो जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में उपायुक्त ए.एन. झा ने बीसीसीएल सीएसआर गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी अपने सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के समग्र विकास हेतु निरंतर प्रयासरत है, जो कि प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित और पिछड़े वर्ग के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ना प्रशासन और संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है, और इस प्रकार के प्रयास उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल अपनी सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, कौशल विकास तथा सामुदायिक विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। कंपनी द्वारा समय-समय पर संचालित पहलें समाज के हर वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर करने में सहायक सिद्ध हो रही हैं।

मोटराइज्ड ई-ट्राइसाइकिलों का वितरण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, क्योंकि इससे दिव्यांगजनों को अपनी दैनिक आवश्यकताओं तक सुगम पहुंच प्राप्त करने में सहायता मिलेगी और उनकी गतिशीलता में वृद्धि होगी। साथ ही, इससे उनकी जीवन स्तर में सुधार होगा तथा वे सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों में और अधिक सक्रिय भागीदारी कर सकेंगे। बीसीसीएल अपने सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक उत्थान और समावेशी विकास की ओर सतत प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *