दिशिता महिला मंडल रेनुसागर ने दीपावली पर 101 जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों को बांटी खुशियां

Spread the love

स्टील के बर्तन, दीपक, बाती एवं मिठाई देकर मनाई दीपावली

अनपरा (सोनभद्र)। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियों का उजाला बिखेरने का भी पर्व है। इसी मानवीय भावना को आत्मसात करते हुए दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की वरिष्ठ सदस्या  इन्दू सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों के बीच दीपावली का उत्सव मनाकर सामाजिक सरोकारों की अनूठी मिसाल पेश की। इस अवसर पर कम्पोजिट विद्यालय कुबरी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 101 वृद्ध महिला-पुरुषों एवं जरूरतमंद तथा असहाय ग्रामीण परिवारों को दीपावली के उपहार स्वरूप स्टील के बर्तन, दीपक, बाती एवं मिठाई वितरित की गई। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या  इन्दू सिंह ने कहा कि खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। किसी भी त्योहार को समाज के सभी वर्गों के साथ मिलकर मनाने से उसका आनंद और महत्व दोनों बढ़ जाते हैं। उन्होंने कहा कि दिशिता महिला मंडल सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के प्रति सदैव सजग एवं प्रतिबद्ध रहा है। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा एवं सामाजिक विकास के माध्यम से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए दिशिता महिला मंडल रेनुसागर निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि दीपावली का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होता है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के घर में भी खुशियों का दीप प्रज्वलित हो सके।

इस पुनीत आयोजन में दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सहयोगी सदस्याएं  रीना जैन, ऋतु हर्षवर्धन, कारवी दास मिश्रा, नूतन सिंह, किरन श्रीवास्तव, बन्दना सिंह  सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने ग्रामीण परिवारों एवं बच्चों के साथ आत्मीयता से दीपावली की खुशियां साझा कीं। उपहार पाकर वृद्ध ग्रामीणों, जरूरतमंद परिवारों एवं बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के अंत मे दिशिता महिला मंडल रेनुसागर की सचिव तूलिका श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *