सिंगरौली । सिंगरौली स्थित कोल इंडिया लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने अपनी सीएसआर पहल के अंतर्गत सिंगरौली जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस क्रम में एनसीएल ने जिला चिकित्सालय, बैढ़न (सिंगरौली) में ब्लड बैंक की स्थापना हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए 05 नवंबर 2026 को जिला प्रशासन, सिंगरौली के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
जिला कलेक्टर कार्यालय, सिंगरौली में आयोजित कार्यक्रम में एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर) राजीव रंजन तथा जिला चिकित्सालय, सिंगरौली की सिविल सर्जन डॉ. कल्पना रवि ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर सिंगरौली के जिला कलेक्टर अंकित अस्थाना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ एनसीएल की ओर से अभिषेक कुमार एवं सुश्री पारुल यादव, प्रबंधक (सीडी) भी मौजूद रहे।
इस परियोजना के अंतर्गत ब्लड बैंक की स्थापना एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक उपकरणों, फर्नीचर एवं अन्य संसाधनों की खरीद की जाएगी। साथ ही, मौजूदा भवन का नवीनीकरण एवं आवश्यक सुधार कार्य भी कराया जाएगा। इस पूरी परियोजना पर लगभग ₹1.16 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी।
इस पहल से जिला चिकित्सालय, बैढ़न में रक्त संग्रहण, भंडारण एवं उपलब्धता से संबंधित सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही, सिंगरौली जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। एनसीएल कोयला उत्पादन के साथ-साथ अपने परिचालन क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। यह पहल क्षेत्र के नागरिकों के जीवनस्तर में सुधार लाने तथा सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के प्रति एनसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
