त्रिवेणी एक्सप्रेस के पुनः संचालन की मांग, कांग्रेस ने रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन

Spread the love

दुद्धी (सोनभद्र)। बरवाडीह से बरेली तक चलने वाली महत्वपूर्ण रेलगाड़ी श्त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन पुनः पूर्ववत नियमित रूप से शुरू कराने की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कमेटी ने आवाज बुलंद की। जिला कांग्रेस कमेटी, सोनभद्र के दुद्धी विधानसभा प्रभारी सारद पनिका के नेतृत्व में रेल मंत्री भारत सरकार अश्विनी वैष्णव को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया है कि त्रिवेणी एक्सप्रेस सोनभद्र, दुद्धी, रेणुकूट, चोपन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लाखों यात्रियों के आवागमन का एक प्रमुख साधन है। इस ट्रेन के माध्यम से क्षेत्र के आम नागरिकों, मजदूरों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित उत्तराखंड व अन्य क्षेत्रों में आने-जाने में काफी सुविधा मिलती थी। कोविड काल से इस ट्रेन का संचालन प्रभावित होने और पूर्ववत सुविधा उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्रवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए त्रिवेणी एक्सप्रेस को तत्काल  नियमित रूप से संचालित किया जाए, अथवा इसके स्थान पर दुद्धी नगर व आसपास के स्टेशनों से होते हुए लखनऊ तक किसी अन्य एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू किया जाए। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित 15 दिनों के भीतर ये मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आम जनमानस, किसान, मजदूर, विद्यार्थी और व्यापारी आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेल मंत्री व रेल विभाग की होगी।
इस मौके पर विधानसभा प्रभारी सारद पनिका,पूनम पठारी, निरंजना देवी, अनुराधा, लक्ष्मी नारायण गुप्ता,वेद प्रकाश,गंभीरा प्रसाद, चन्द्रदेव गौड़, राम मनोहर नोरके, चंन्द्रावती, अशोक यादव,रामप्रताप, अर्जुन पनिका सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *