बारात में शामिल होने खजुरी आया था युवक, सुबह पटरी पर मिला शव; पुलिस ने शुरू की जांच
दुद्धी (सोनभद्र) विंढमगंज थाना क्षेत्र के धूमा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक का शव शनिवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र का खजुरी रेलवे ट्रेक पर दो हिस्सों में कटा हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। युवक अपने गांव के पड़ोसी की बारात में शामिल होने के लिए खजुरी गांव आया था। परिजनों ने बारात में मारपीट होने की बात बताते हुए युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए गहन जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों ने खजुरी रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 75/02 और 75/04 के बीच एक युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। शव के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर मृतक की पहचान सुनील कुमार (22) पुत्र विजय कुमार निवासी धूमा, थाना विंढमगंज के रूप में हुई।
बताया गया कि सुनील अपने गांव के पड़ोसी गोरख पुत्र सुमारू के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बारात के साथ खजुरी गांव आया था। मृतक दो भाइयों में बड़ा था, जबकि उसकी एक बहन विवाहित है।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि बारात में किसी बात को लेकर मारपीट हुई थी। इसके बाद सुबह सुनील का शव रेलवे ट्रैक पर दो हिस्सों में कटा हुआ मिला। मृतक के चाचा मनदीप ने बताया कि सुनील की शादी नहीं हुई थी और वह गांव की बारात में शामिल होने खजुरी आया था। उन्होंने आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता श्रवण सिंह गौड़ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली और मामले की जांच में हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए शोक संवेदना व्यक्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
