दुद्धी सीएचसी पर सीएमओ का औचक छापा, ओपीडी पर्चियों से लेकर दवा स्टॉक तक खंगाला

Spread the love

मरीजों को बाहर की दवा लिखी तो होगी कड़ी कार्रवाई, अमवार पीएचसी को जल्द मिलेंगे नए डॉक्टर

खराब वाटर कूलर पर सप्लायर को फोन पर लगाई फटकार

दुद्धी (सोनभद्र) जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के इस औचक छापे से पूरे अस्पताल परिसर और स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करना और आम मरीजों को शासन की मंशानुसार बेहतर इलाज मुहैया कराना रहा।

सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्रा ने सबसे पहले सभी चिकित्साधिकारियों के चैम्बरों का रुख किया। वहाँ उन्होंने डॉक्टरों द्वारा मरीजों को लिखी जा रही ओपीडी पर्चियों (प्रिस्क्रिप्शन) को अपने हाथ में लेकर गंभीरता से जांचा। उन्होंने डॉक्टरों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि हर हाल में अस्पताल में मौजूद सरकारी दवाएं ही लिखी जाएं। यदि किसी भी स्तर पर मरीज को बाहर से दवा खरीदने के लिए मजबूर किया गया, तो संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके बाद सीएमओ सीधे दवा वितरण केंद्र (फार्मेसी) पहुँचे। वहाँ तैनात फार्मासिस्ट रामसागर मौर्या से उन्होंने दवाओं की वर्तमान उपलब्धता और जीवन रक्षक दवाओं के स्टॉक के बारे में विस्तृत पूछताछ की। उन्होंने मौके पर ही स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया और निर्देश दिए कि अस्पताल में दवाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।

क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सीएमओ ने एक बड़ा आश्वासन देते हुए कहा कि अमवार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में डॉक्टरों की कमी को जल्द दूर किया जाएगा और वहाँ बहुत जल्द नए चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है। वहीं, अस्पताल परिसर में खराब पड़े वाटर कूलर को देखकर सीएमओ भड़क गए। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों की परेशानी को देखते हुए मौके से ही स्वयं सप्लायर को फोन लगाया और तत्काल प्रभाव से वाटर कूलर को दुरुस्त करने की कड़ी हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान केंद्र अधीक्षक डॉ. वरुणानिधि, सभासद सुमित सोनी, बीपीएम संदीप सिंह, डॉ. गौरव सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *