एनटीपीसी सिंगरौली की सीएसआर पहल: चिल्काडांड बस्ती में निःशुल्क ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन

Spread the love

स्वस्थ, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर महिलाएँ किसी भी परिवार और समाज के प्रगति की आधारशिला – श्रीमती ई. निर्मला

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत ग्रामीण समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चिल्काडांड बस्ती में निःशुल्क ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। एनटीपीसी की ‘आह्वान’ स्वास्थ्य एवं कल्याण नीति के तहत संजीवनी अस्पताल एवं सीएसआर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्रीमती ई. निर्मला, अध्यक्षा, वनिता समाज, अपनी वरिष्ठ सदस्याओं के साथ चिल्काडांड बस्ती पहुँचीं। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं से आत्मीय संवाद कर उनकी सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों, दैनिक जीवन की चुनौतियों, आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को समझा। संवाद के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता की संभावनाओं पर भी सार्थक चर्चा की गई।

ग्रामीण महिलाओं को संबोधित करते हुए श्रीमती ई. निर्मला ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित एवं आत्मनिर्भर महिलाएँ किसी भी परिवार और समाज की प्रगति की आधारशिला होती हैं। महिलाओं को अपने परिवार के स्वास्थ्य के साथ स्वयं के स्वास्थ्य, पोषण एवं नियमित चिकित्सकीय जाँच पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर उनके आत्मविश्वास, आर्थिक आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों ग्राम परसवार राजा में भी वनिता समाज द्वारा ग्रामीण महिलाओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया था। ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं आकांक्षाओं को समझने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आसपास के अन्य गाँवों में भी इस प्रकार के संवाद एवं सामुदायिक कल्याण की गतिविधियों का क्रम जारी रहेगा। शिविर का आयोजन डॉ. वर्तिका कुलश्रेष्ठ, मुख्य चिकित्साधिकारी, संजीवनी अस्पताल एवं डॉ. ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन–सीएसआर), एनटीपीसी सिंगरौली की देखरेख में किया गया।

शिविर में डॉ. विनोद कुमार सिंह एवं डॉ. राजत कुमार यादव ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जाँच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। सभी मरीजों के रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जाँच की गई तथा चिकित्सकीय परामर्श के अनुरूप आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ रोगों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। ग्रामीणों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता, सामान्य संक्रमणों से बचाव, मधुमेह, उच्च रक्तचाप तथा जीवनशैली से संबंधित अन्य रोगों की रोकथाम के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। साथ ही नियमित स्वास्थ्य जाँच, समय पर चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व से अवगत कराया गया।

शिविर के सफल आयोजन में हीरालाल, ग्राम प्रधान, चिल्काडांड की सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग रहा। उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य शिविर के प्रति जागरूक करने तथा अधिकाधिक लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर के आयोजन, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं ग्रामीण समुदाय के साथ समन्वय में आदर्श, सीएसआर अधिकारी, एनटीपीसी सिंगरौली का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सीएसआर के अंतर्गत ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, स्वास्थ्य जागरूकता, रोगों की समय पर पहचान एवं आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘आह्वान’ पहल के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण समुदाय के अधिक निकट पहुँचाने तथा उपचार के साथ रोगों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता विकसित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाओं की उपलब्धता के साथ वनिता समाज द्वारा उनकी आवश्यकताओं को समझने के लिए किए गए संवाद की सराहना की तथा संजीवनी अस्पताल, सीएसआर विभाग एवं वनिता समाज के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *