रेणुकूट। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष बबलू सिंह की पुण्यतिथि पर मंगलवार को नगर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उनके आवास पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचते रहे। देर शाम तक श्रद्धांजलि देने वालों का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने नम आंखों से बबलू सिंह को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ‘बबलू सिंह अमर रहें’ और ‘हत्यारों को फांसी दो’ के नारे भी गूंजते रहे।
कार्यक्रम में नगर के व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिकों के साथ ही राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शामिल हुए। लोगों ने कहा कि बबलू सिंह हमेशा आम लोगों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते थे। उनके निधन से नगर ने एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और जनहितैषी व्यक्ति को खो दिया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद उनके आवास से कैंडल मार्च निकाला गया। मोमबत्तियां लेकर निकले लोगों का जुलूस नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए पुलिस चौकी चौराहे पर पहुंचा। वहां लोगों ने बबलू सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए हत्याकांड के दोषियों को जल्द कठोर सजा देने की मांग की। इस दौरान निशा सिंह, विजय प्रताप सिंह, अभय प्रताप सिंह, अजय राय, अखिलेश यादव, नईम गाजीपुरी, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि वर्ष 2018 में हुई बबलू सिंह की हत्या की घटना को आज भी नगरवासी नहीं भूले हैं। मामले में कई आरोपितों की गिरफ्तारी के बावजूद न्यायिक प्रक्रिया पूरी न होने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने सरकार और न्यायालय से मामले का शीघ्र निस्तारण कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। समर्थकों ने कहा कि बबलू सिंह को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठती रहेगी।
