केंदुआडीह भू- धंसान क्षेत्र का जिला प्रशासन एवं बीसीसीएल अधिकारियों द्वारा व्यापक निरीक्षण

Spread the love

 सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावितों को बेलगड़िया शिफ्ट होने की अपील

धनबाद। बोकारो मुख्य मार्ग पर स्थित केंदुआडीह क्षेत्र में हुए भू-धंसान के उपरांत बीसीसीएल द्वारा जिला प्रशासन के समन्वय से किए जा रहे राहत और एहतियाती कार्यों के तहत आज वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया गया। उपायुक्त, आदित्य रंजन, सीएमडी बीसीसीएल,  मनोज कुमार अग्रवाल, डीटीओपी, संजय कुमार सिंह, एसएसपी,  प्रभात कुमार, क्षेत्रीय महाप्रबंधक (कुसुंडा क्षेत्र)  निखिल त्रिवेदी, महाप्रबंधक (पीबी क्षेत्र)  जी.सी. साहा, महाप्रबंधक (जेएमपी)  राजीव चोपड़ा सहित बीसीसीएल और जिला प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारियों ने आज प्रभावित क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया और भू-धंसान से प्रभावित मुख्य मार्ग एवं अन्य स्थानों का स्थलीय जायजा लिया और संभावित खतरों का आकलन किया।

निरीक्षण के उपरांत  केंदुआडीह थाना में एक महत्वपूर्ण चर्चा आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने भू-धंसान से उत्पन्न विकट स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत गंभीर बताया। प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन ने संयुक्त रूप से यह स्पष्ट किया कि क्षेत्र में रह रहे परिवारों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः सभी प्रभावित परिवारों को बिना किसी विलंब के बेलगड़िया टाउनशिप में स्थानांतरित हो जाना चाहिए। इस दौरान यह भी बताया गया कि भू-धंसान की चपेट में केंदुआडीह थाना भी आ गया है, जिसके लिए इसे जल्द से जल्द किसी दूसरे सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जायेगा। उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने इस दौरान कहा कि शिफ्ट होने वाले सभी प्रभावित परिवारों को जरेडा 2.0 के तहत सभी लाभ प्रदान किये जाएंगे। 

सीएमडी,  मनोज अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में की गई सड़क की घेराबंदी या अस्थायी राहत शिविरों की व्यवस्था केवल तात्कालिक उपाय हैं और स्थायी समाधान नहीं। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों से अपील की कि वे जल्द से जल्द बेलगड़िया टाउनशिप शिफ्ट हो जाए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें तथा सूचना, नोटिस एवं जनजागरूकता के माध्यम से उन्हें संभावित जोखिमों के प्रति सतर्क करते रहें। उन्होंने प्रभावित परिवारों से संवाद करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि प्रबंधन द्वारा विस्थापन हेतु हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी, किंतु जीवन की सुरक्षा हेतु उनका जल्द से जल्द स्थानांतरण आवश्यक है। प्रशासन एवं बीसीसीएल ने पुनः यह दोहराया कि प्रभावित क्षेत्र में स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा सभी संबंधित एजेंसियों के समन्वय से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षित एवं व्यवस्थित पुनर्वास सुनिश्चित करते हुए जन-जीवन की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *