महापर्व छठ पर एनटीपीसी नबीनगर की सराहनीय सामाजिक पहल…

Spread the love

देव – मालेंगर में की गयी श्रद्धालुओं के लिए भव्य आवासन पंडालों की विशेष व्यवस्था

 औरंगाबाद । लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर एनटीपीसी नबीनगर ने जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से देव-मार्लेगर में छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भव्य आवासन पंडालों का निर्माण कराया है। विशाल क्षेत्र में निर्मित इन पंडालों में लगभग 3,000 से 4,000 छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं के लिए आवासन, विश्राम एवं अन्य संबंधित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

पंडाल परिसर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु बिजली, जनरेटर बैकअप तथा व्यापक एल.ई.डी लाइटों की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, प्रमुख स्थानों पर बेहतर रोशनी एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हाई-मास्ट लाइटों की भी स्थापना की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए पंडालों में कार्पेट भी बिछाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य महापर्व के दौरान आने वाले श्र‌द्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है। श्र‌द्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य हेतु पंडाल परिसर में पुलिस प्रशासन के लिए कंट्रोल रूम तथा चिकित्सा सुविधा हेतु विशेष मेडिकल स्टॉल की व्यवस्था भी की गई है। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

ज्ञातव्य हो कि विद्युत उत्पादन के अतिरिक्त एनटीपीसी नबीनगर आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास हेतु निरंतर कार्यरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना विकास, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन जैसे क्षेत्रों में विभिन्न कल्याणकारी पहलों के माध्यम से एनटीपीसी स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए सतत प्रयास कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *