आलापुर अम्बेडकरनगर। तहसील आलापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विगत दिनों हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है प्राकृतिक आपदा से खेतों में खड़ी तथा कटाई के लिए तैयार फसलों को भारी नुकसान पहुंचने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों की इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और उचित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई है। भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष अनूप सिंह पिंटू एवं श्यामनाथ शुक्ला की अगुवाई में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर को संबोधित पांच सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी आलापुर विकास यादव को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शासन- प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने मांग की कि तहसील आलापुर सहित जनपद के जिन क्षेत्रों में ओलावृष्टि एवं बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहां राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर तत्काल स्थलीय सर्वेक्षण कराया जाए। सर्वेक्षण पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करते हुए प्रत्येक प्रभावित किसान के नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए तथा उसकी विस्तृत रिपोर्ट शासन को भेजी जाए। किसानों निर्धारित मानकों के अनुसार मुआवजा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।फसल बीमा योजना के अंतर्गत पंजीकृत किसानों को नियमानुसार बीमा क्लेम दिलाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने की भी मांग की गई। किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग करते हुए नेताओं ने कहा कि किसान पूरे वर्ष मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है। खेती में लागत, खाद, बीज, सिंचाई और मजदूरी पर बड़ी धनराशि खर्च होती है। ऐसे में ओलावृष्टि एवं बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद होना किसानों के लिए किसी बड़े आर्थिक संकट से कम नहीं हैं।भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अनूप सिंह पिंटू एवं श्यामनाथ शुक्ला ने प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत दिलाने की मांग की है।इस दौरान समाजसेवी प्रदीप पाण्डेय, पूर्व भाजपा महामंत्री सुरेश कन्नौजिया, कमलेश मिश्र, रमेश कुमार मौर्य, अंशुल यादव, आदित्य सिंह, ख्वाजा अली असगर, शैलेन्द्र कुमार यादव, विनय मिश्र, सर्वेश कुमार सहित अनेक भाजपा नेता, कार्यकर्ता, किसान एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
भाजपा किसान मोर्चा ने किसानों को आपदा राहत देने के लिए एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा मांग पत्र
