बीसीसीएल के नव-निर्मित बहुउद्देशीय परिसर ‘कल्याण मंडपम’ का सीएमडी ने किया उद्घाटन

Spread the love

धनबाद।कर्मचारी कल्याण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और सतत उन्नयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत बीसीसीएल द्वारा जगजीवन नगर, धनबाद में नव-निर्मित बहुउद्देशीय भवन ‘कल्याण मंडपम’ का उद्घाटन आज सीएमडी, श्री मनोज कुमार अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन)मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक (तकनीकी/संचालन)संजय कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, मुख्य सतर्कता पदाधिकारी अमन राज सहित दीक्षा महिला मंडल की अध्यक्ष अर्चना अग्रवाल, उपाध्यक्ष पूर्बिता रमैया एवं नीता कुमार तथा महिला मंडल की अन्य सम्मानित सदस्याओं ने भी अपनी सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम में कोयला भवन मुख्यालय के सभी महाप्रबंधक, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, सीएचडी, एचआरडी तथा अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में सीएमडी  मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि बीसीसीएल अपने कार्मिकों के कल्याण और सामुदायिक उन्नति के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि ‘कल्याण मंडपम’ जैसे आधुनिक एवं बहुउद्देशीय परिसर न केवल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक एवं महत्वपूर्ण आयोजनों का केंद्र बनेंगे, बल्कि संगठन और समुदाय के बीच आपसी सहयोग एवं समन्वय को भी सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं संबंधित टीमों को इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु बधाई दी और अपेक्षा व्यक्त की कि इस परिसर का उपयोग विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए प्रभावी ढंग से किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल के इस नव-निर्मित बहुउद्देशीय भवन ‘कल्याण मंडपम’ में सामुदायिक कार्यक्रमों, सामाजिक समारोहों तथा अन्य आयोजनों के लिए आधुनिक एवं पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनका लाभ बीसीसीएल कर्मियों के साथ-साथ आमजन भी उठा सकेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत सीएमडी सहित सभी गणमान्य अतिथियों ने परिसर का भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया और उनकी सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान बीसीसीएल प्रोजेक्ट विद्यालयों के दसवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ‘विद्यार्थी सम्मान समारोह 2025-26’ के अंतर्गत सम्मानित भी किया गया। सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक मंडल तथा दीक्षा महिला मंडल की पदाधिकारियों द्वारा सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को शील्ड प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का संचालन विभागाध्यक्ष (विधि)कुमार शरद सिन्हा ने किया। धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष (कल्याण) किरण रानी नायक द्वारा प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *