प्रयागराज मंडल के डीएसए ग्राउंड में स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

मंडल रेल प्रबंधक ने श्रमदान कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

प्रयागराज। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत निर्धारित कार्यक्रमों के क्रम में  01अक्टूबर को प्रयागराज स्थित डीएसए ग्राउंड में विशेष स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” की भावना के अनुरूप मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम ने उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक/सामान्य,  दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव प्रबंधक विक्रम सिंह कोली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। सभी ने डीएसए ग्राउंड परिसर की साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान अथवा पखवाड़े तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हमारे दैनिक जीवन एवं कार्य व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। रेलवे परिसरों, स्टेशनों, कार्यालयों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। स्वच्छता अभियान के साथ ही डीएसए ग्राउंड परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक एवं अन्य अधिकारियों ने पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ की भावना के अनुरूप सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा दिया गया। रेलवे द्वारा स्वच्छता गतिविधियों में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों, आरपीएफ, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, एनसीसी/एनएसएस, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति स्थायी जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *