मुख्य विकास अधिकारी ने चहनिया एवं सदर ब्लॉक का किया दौरा, विकास योजनाओं हेतु स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

चंदौली। जिले के मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं द्वारा आज चहनिया एवं सदर विकास खंड के विभिन्न स्थलों का दौरा कर विकास योजनाओं की प्रभावी प्लानिंग हेतु स्थलीय निरीक्षण किया गया।इस क्रम में उन्होंने कैलवर ग्राम पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया और वहाँ की भौतिक स्थिति, उपलब्ध संसाधनों तथा वर्तमान क्रियाशीलता की समीक्षा की। उन्होंने ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव से आवश्यक जानकारिया प्राप्त की और पंचायत भवन को जनसुविधा केंद्र के रूप में विकसित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

मुख्य विकास अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत भवन को साफ-सुथरा,व्यवस्थित और क्रियाशील रखा जाए।शासन की योजनाओं जैसे मनरेगा, ग्रामीण आवास योजना, पंचायत डिजिटलकरण, एवं स्वच्छ भारत मिशन की सूचनाएं ग्राम पंचायत कार्यालय में प्रदर्शित की जाएं।मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि जन सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए पंचायत भवन को जनसंवाद एवं समाधान का केंद्र बनाया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण स्तर पर विकास की नींव पंचायत भवन से ही शुरू होती है, अतः इसका समुचित उपयोग और रख-रखाव अत्यंत आवश्यक है।

अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की कार्ययोजना केवल कागजों पर नहीं, ज़मीन पर भी दिखनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की योजना तैयार कर उसे अमल में लाया जाए। निरीक्षण के दौरान डीसी मनरेगा आर के चतुर्वेदी,संबंधित खंड विकास के अधिकारी,तकनीकी सहायक,पंचायत सचिव एवं अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *