आलापुर, अम्बेडकर नगर। विकास खण्ड जहांगीरगंज अन्तर्गत बीते शुक्रवार से प्रारम्भ हुए आस्था के महापर्व डाला छठ सूर्यदेव की उपासना के इस चार दिवसीय महापर्व की शुरुआत नहाय खाय की परम्परा से हुई। पर्व के तीसरे दिन पिकिया नदी के किनारे पकड़िया घाट के श्री हनुमान मन्दिर पर पिकिया तट पर महिलाओं ने निर्जला व्रत धारण कर पुत्रों के दीर्घायु की कामना एवं पुत्र प्राप्ति के लिये अस्ताचलगामी सूर्यदेव का विधि विधान पूर्वक परम्परा के तहत पूजन अर्चन कर अर्ध्य देते हुए नमन किया।
छठ पूजा पर श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ ढोल तासे के बीच डीजे के धुनों से डाला लिये हुए महिला – पुरुष घाट पर पंहुच कर पिकिया जलधारा में खड़े होकर सूर्यदेव की उपासना करते हुए अर्ध्य दिया और पुत्रों के दीर्घायु होने की कामना की। पूजन में डाला, सूप के अलावा महिलाओं ने गन्ना, नारियल, अन्नास, सिघाडा, सेब, केला के साथ गुड से निर्मित ठोकवा व चावल के लड्डू आदि अर्पित कर धूप दीप, कुमकुम के साथ अस्ताचलगामी सूर्य नारायण को नमन करते हुए अर्ध्य दिया। छठ पर्व का समापन सोमवार की सुबह सूर्योदय के समय उदयाचलगामी सूर्यदेव की उपासना एवं परम्परागत पूजन अर्चन के साथ अर्ध्य देकर अनुष्ठान का व्रत धारण करने वाली महिलायें श्रद्धा व भक्ति के साथ पूर्ण आहूति करेगी।इस अवसर पर घाटों पर राजेसुल्तानपुर थाने द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। थानाध्यक्ष राजेसुल्तानपुर अमित कुमार पांडेय क्षेत्र में पड़ने वाले सभी घाटों पर भ्रमण करते दिखे ।घाटों पर भारी संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल लगाया गया था।साथ ही स्थानीय गोता खोरों की टीम भी सक्रिय रही। मौके पर पुजारी मंडले तिवारी, ग्राम प्रधान भुवाल गोंड,लालता प्रसाद वर्मा, अनूप गोंड, शशांकमणि गोंड, हिमांशु यादव, राकेश प्रजापति, विष्णु यादव आदि सैकड़ो लोग मौजूद रहे।
