सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत बीजीएच नर्सिंग स्कूल मेंवाक-पटुता प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

बोकारो। बीएसएल के सतर्कता विभाग द्वारा थीम “सतर्कता: हमारी साझा जिम्मेदारी”विषय पर आधारित तीन माह के अभियान और सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के अंतर्गत बोकारो जनरल हॉस्पिटल के नर्सिंग स्कूल सभागार में अंग्रेज़ी एवं हिंदी भाषाओं में वाक-पटुता  प्रतियोगिता आयोजित की गई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो जनरल हॉस्पिटल के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (प्रभारी) डॉ. विभूति करुणामय उपस्थित रहे. साथ में मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री ज्ञानेश झा, एसीएमओ डॉ. अभिनव कुमार सहित कई अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं नर्सिंग स्कूल के विद्यार्थी उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) एवं एसीवीओ श्री ज्ञानेश झा ने सभी का स्वागत करते हुए नर्सिंग विद्यार्थियों को इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन में सतर्कता के महत्व पर प्रकाश डाला. अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. विभूति करुणामय ने नैतिक मूल्यों, कार्य में ईमानदारी तथा सतर्कता जागरूकता की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में पारदर्शिता अपनाने, अनुशासन का पालन करने तथा कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित किया 

प्रतियोगिता में नर्सिंग स्कूल के  कुल 27 विद्यार्थियों ने अपनी वक्तृत्व कला का प्रदर्शन किया. निर्णायक की भूमिका निभाते हुए एजीएम (अस्पताल सेवाएँ) सुश्री कैरोल शर्मा ने सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुति की सराहना की और कहा कि छात्रों ने उत्कृष्ट उत्साह और गहन तैयारी का परिचय दिया है. अंग्रेज़ी भाषा के वाक-पटुता प्रतियोगिता में अनु प्रिया ने प्रथम, अन्नु झा ने द्वितीय और तनुश्री ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अर्चना कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया. वहीं, हिंदी भाषा के वाक-पटुता में संजीवनी ने प्रथम, आस्था कुमारी ने द्वितीय और राज नंदनी ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि प्रथम वर्ष की गायत्री कुमारी को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ. विजेताओं को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा कार्यक्रम का संचालन वरीय प्रबंधक (सतर्कता) सुश्री चित्रा पराशर ने किया तथा वरीय प्रबंधक (सतर्कता) पंकज कुमार एवं नर्सिंग स्कूल की प्राचार्या श्रीमती नीलिमा कुमारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. यह कार्यक्रम बीएसएल में सतर्कता को सामूहिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने, पारदर्शिता, नैतिकता और ईमानदारी को जीवन का अंग बनाने की दिशा में एक  सार्थक प्रयास है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *