एनटीपीसी दादरी के सीएसआर पहल से उत्तम संकुल स्तरीय समिति कार्यालय का बिसाहड़ा गांव में हुआ उद्घाटन

Spread the love

गौतम बुद्ध नगर। जनपद के बिसरक ब्लॉक अंतर्गत बिसाहड़ा गांव में उत्तम संकुल स्तरीय समिति के नव-निर्मित कार्यालय एवं उत्पादन सह प्रशिक्षण केंद्र का भव्य उद्घाटन किया गया।

इस केंद्र का उद्घाटन  मनीष कुमार वर्मा (आईएएस),जिलाधिकारी (गौतम बुद्ध नगर) द्वारा किया गया। इस अवसर पर  के. चंद्रमौलि, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (एनटीपीसी दादरी) तथा विद्यानाथ शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी (गौतम बुद्ध नगर),अजितेश सिंह,जिला परियोजना अधिकारी (एनआरएलएम),बीरेंद्र यादव,जिला पंचायत राज अधिकारी, सहित ब्लॉक की कई महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।

यह उत्पादन एवं प्रशिक्षण केंद्र एनटीपीसी दादरी के सीएसआर फंड से प्राप्त ₹34.82 लाख की धनराशि से निर्मित किया गया है, जिसका कार्यान्वयन उत्तर प्रदेश जल निगम (सी एंड डीएस) द्वारा किया गया। यह केंद्र कौशल विकास, प्रशिक्षण, और सूक्ष्म उद्यमों को बढ़ावा देने का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे महिला नेतृत्व वाली स्वयं सहायता समूहों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत आजीविका आधारित पहलों के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।

इस अवसर पर अपने संबोधन में  के. चंद्रमौलि ने कहा कि राष्ट्र का वास्तविक विकास महिलाओं के सशक्तिकरण और समावेशी प्रगति में निहित है। इस दिशा में पहला कदम उनकी आर्थिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करना है। यह केंद्र क्षेत्रीय महिलाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत आधार प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *