आगामी पेराई सत्र से पहले मंत्री ए. के. शर्मा ने चीनी मिल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Spread the love

*प्लांट से सड़क तक हर व्यवस्था होगी दुरुस्त, मंत्री ए. के. शर्मा ने दिए निर्देश*

लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने आगामी पेराई सत्र के दृष्टिगत घोसी सहकारी चीनी मिल का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मिल परिसर का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी पेराई सत्र सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने चीनी मिल के प्लांट, मशीनरी, मैनपॉवर, संविदाकर्मियों की उपलब्धता, आंतरिक सड़कों तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक बिंदु की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि मिल के संचालन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मंत्री श्री शर्मा ने चीनी मिल के महाप्रबंधक (जीएम) को निर्देशित किया कि मिल के आधुनिकीकरण, आवश्यक मरम्मत, मशीनों के उन्नयन, मानव संसाधन की आवश्यकता, संविदाकर्मियों की व्यवस्था तथा आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से संबंधित विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जाए, ताकि आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा सके।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सहकारी चीनी मिलों को अधिक सक्षम, आधुनिक और तकनीक आधारित बनाना है, जिससे पेराई क्षमता में वृद्धि हो, संचालन अधिक प्रभावी बने तथा किसानों को समय पर उनकी उपज का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *