भक्सी नदी और पड़पड़ नदी पर सुरक्षा व प्रकाश के होंगे व्यापक प्रबंध
अहरौरा, मिर्जापुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के जंगल महाल ग्राम पंचायत के बरही गांव में स्थित बेचूबीर बाबा की चौरी 18 नवंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय भूत प्रेत संबंधी बेचूबीर मेले की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी अनेग सिंह ने मेला स्थल पर गुरुवार शाम को संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं पर मेला व्यवस्थापक रोशन लाल यादव सहित ग्रामीणों से वार्ता कर रणनीति बनाई और बैठक में उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बेचूबीर मेला को सकुशल संपन्न कराने के लिए उपजिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह ने क्षेत्राधिकारी आपरेशन मोहम्मद फहीम, बिजली विभाग के उप खंड अधिकारी संजय यादव सहित अन्य विभागों व ग्रामिणों के साथ गुरुवार शाम को मेला स्थल बरही में बेचूबीर चौरी के पास बैठक कर मेले की तैयारियों को लेकर रणनीति तय किया। मेला व्यवस्थापक रोशन लाल यादव ने अधिकारियों को बताया की कार्तिक अष्टमी से लेकर एकादशी की भोर तक चलने वाले इस एतिहासिक मेले में कई प्रांतों के विभिन्न जनपदों से करीब 5 से 7 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना रहती है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला स्थल पर आयोजित बैठक में सुरक्षा व्यवस्था,यातायात नियंत्रण, प्रकाश व सफाई व्यवस्था सहित प्राथमिक चिकित्सा को लेकर उप जिलाधिकारी ने लोगों से जानकारी प्राप्त किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बता दें की मेला व्यवस्थापक रोशनलाल यादव ने 15दिनों पूर्व ही उत्तर प्रदेश सरकार सहित विभिन्न उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर तीन दिवसीय बेचूबीर मेले को सकुशल संपन्न कराने की मांग किया था।
भक्सी नदी और पड़पड़ नदी पर बैरिकेडिंग के साथ प्रकाश की होगी पर्याप्त व्यवस्था
बेचूबीर मेले में आने वाला हर श्रद्धालु रास्ते में पड़ने वाले भक्सी नदी में स्नान कर वही अपना भींगा कपड़ा छोड़कर तब बेचूबीर बाबा के धाम पर जाता हैं। इसी तरह एकादशी की भोर मनरी बजने के पूर्व बेचूबीर बाबा की चौरी से दक्षिण तरफ स्थित पड़पड़ नदी में एकादशी की भोर स्नान कर तब चौरी के सामने प्रसाद लेने जाता हैं।
इस वर्ष दोनों नदियों में पानी अधिक होने के कारण वहां बैरिकेडिंग और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती करने के साथ ही प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था की जायेंगी। भीड़ नियंत्रण और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए जगह जगह ट्रैफिक पुलिस सहित पूरे मेला परिसर में प्रकाश व्यवस्था तथा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा शिविर लगाने पर विशेष जोर दिया गया।
