-दुद्धी में 14वें गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन, नेपाल के सांसद और विधायक समेत जुटे अंतरराष्ट्रीय अतिथि
दुद्धी (सोनभद्र)। यादव महासभा एवं गोवर्धन पूजा समिति के तत्वावधान में बुधवार को दुद्धी स्थित टीसीडी मैदान में 14वें गोवर्धन पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस बार नेपाल से आए अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। कार्यक्रम में गाजीपुर के बाबा सुरेंद्र पंथी के कथित चमत्कारिक प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा ।
बाबा सुरेंद्र पंथी ने सूखे उपलों में मंत्र शक्ति से अग्नि प्रज्वलित की। इसके बाद उसी आग पर दूध गर्म कर खीर पकाई गई। बाबा ने खौलते हुए दूध से स्नान कर उपस्थित लोगों को अचंभित कर दिया। उन्होंने गर्म दूध शरीर पर डालने के साथ आंखों में भी डालने का प्रदर्शन किया और इसे पूजा की शक्ति बताते हुए भविष्य के संबंध में भी भविष्यवाणी की। बाबा का दावा था कि देखने में दूध खौलता हुआ प्रतीत होता है, लेकिन शरीर पर पड़ते ही ठंडा हो जाता है। हालांकि, इस प्रदर्शन के पीछे के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेपाल सरकार के पूर्व मंत्री एवं सांसद मातृका प्रसाद यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के संरक्षण और अहंकार त्यागने का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र का घमंड तोड़ने के लिए गोवर्धन पर्वत की पूजा की थी। उन्होंने समाज की एकजुटता के साथ शिक्षा को विकास का आधार बताते हुए कहा कि समाज को शैक्षिक रूप से मजबूत बनाने की जरूरत है।
विशिष्ट अतिथि नेपाल के मधेश प्रदेश के जनकपुर की विधायक डॉ. रीना यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अंगुली पर उठाकर आमजन की रक्षा की थी। गोवर्धन पूजा हमे अहंकार त्यागने और प्रकृति के महत्व को समझने की प्रेरणा देती है।
इसके पूर्व गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। महिलाओं और युवतियों ने पूजा स्थल से कलश उठाकर प्राचीन शिवाजी तालाब से जल भरा और पुनः आयोजन स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पंडित शिवपूजन मिश्र ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगदीश यादव तथा संचालन सत्यनारायण यादव एडवोकेट ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामबिहारी यादव, संजय यादव, रामेश्वर राय, डॉ. रामजीत यादव, यदुनाथ यादव, बुधिनारायण यादव, हरिशंकर यादव, सरजू यादव, सत्यनारायण यादव, अभिनाथ यादव और अवधेश यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था में एसएसआई संजय सिंह, एसआई श्यामजी यादव और महिला थाना प्रभारी संतु सरोज पुलिस बल के साथ तैनात रहे।
पहलवानों के हैरतअंगेज करतबों ने बांधा समां
गोवर्धन पूजा महोत्सव के दौरान गाजीपुर से आए पहलवानों ने अपने हैरतअंगेज करतबों से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। पहलवानों ने ऊंचाई पर बंधी रस्सी तक उछल कर पहुंचने का प्रदर्शन किया। वहीं, एक पहलवान ने दो-तीन पहलवानों को एक साथ बाहों में उठाकर मैदान का चक्कर लगाया। उनके दमखम और करतबों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। दिनभर चाय-पान की दुकानों पर भी पहलवानों के प्रदर्शन की चर्चा होती रही।
