सोनभद्र। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, डाला सीमेंट वर्क्स के सीएसआर एवं खान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत ग्राम भलुआ टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन इकाई प्रमुख संदीप हिवरेकर के दिशा-निर्देशन तथा मानव संसाधन प्रमुख डॉ. शशिकांत एवं खान प्रमुख सुनील शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। अल्ट्राटेक प्रबंधन द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता देते हुए समुदाय के बीच निरंतर जागरूकता एवं सहयोगात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति व्यवहारिक जागरूकता विकसित करने की दिशा में एक सार्थक पहल रही।
कार्यक्रम में इंडियन ब्यूरो ऑफ माइंस के डिप्टी कंट्रोलर ऑफ माइंस दाताराम ने विद्यार्थियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए बच्चों को अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के बीच विभिन्न क्लीनिंग आइटम का वितरण भी किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका यादव ने अल्ट्राटेक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय परिसर में पूर्व में किए गए सहयोगात्मक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर खान प्रमुख सुनील शर्मा ने विद्यालय प्रबंधन के साथ विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं समुचित रखरखाव को लेकर चर्चा की। उन्होंने स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान विद्यालय की सहभागिता की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डिपार्टमेंट हेड (खान) डी.के. पांडे, सीएसआर प्रमुख निशा तिर्की, रोहित श्रीवास्तव, शैलेंद्र गौतम, पुष्पेंद्र मिश्रा, दीपक सुवासिया सहित विद्यालय की अध्यापिकाएं एवं अन्य उपस्थित रहे।
