हर घर जल मिशन की व्यवस्था : पाइप लाइन बिछाने के दो साल बाद भी ग्रामीणों को पानी नसीब नहीं

Spread the love

सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत परासी पांडेय में हर घर नल जल मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के करीब दो साल बाद भी ग्रामीणों को पानी नसीब नहीं हो रहा है। बाबा अंबेडकर स्थल के सामने बिछाई गई पाइपलाइन से अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। घरों तक कनेक्शन होने के बावजूद पानी नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी है। ग्रामीण राजकुमारी ने बताया कि करीब दो साल पहले गांव में पाइपलाइन बिछाई गई थी और कनेक्शन भी कर दिया गया था, लेकिन आज तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई। इसके कारण परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूसरे लोगों से पानी मांगना पड़ता है। कई बार दूर से पानी लाना पड़ता है, जिससे समय और मेहनत दोनों खर्च होते हैं। वहीं, ग्रामीण ओमप्रकाश ने बताया कि गांव में कुछ लोगों के घरों तक ही कनेक्शन पहुंचा है, जबकि कई परिवार अब भी कनेक्शन से वंचित हैं। जिन घरों में कनेक्शन दिए गए हैं, वहां भी पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को हर घर जल मिशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें आज भी परेशान होना पड़ रहा है। पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने के बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं होने से योजना के क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं। इस समस्या को लेकर शीतल, गायत्री, जयप्रकाश, चंद्रप्रकाश और रवि राम सहित अन्य ग्रामीणों ने विभाग से जल्द कार्रवाई की गुहार लगाई है।  इस संबंध में सहायक अभियंता पंकज से मोबाइल फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि समस्या को एक सप्ताह के भीतर ठीक करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *