दुद्धी, सोनभद्र। अयोध्या जनपद के सोहावल तहसील में एंटी करप्शन टीम द्वारा लेखपाल उत्कर्ष दीप की गिरफ्तारी के विरोध में स्थानीय दुद्धी तहसील परिसर में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर लेखपालों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। शुक्रवार को दुद्धी तहसील के समस्त लेखपालों ने अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर सरकार और विजिलेंस की इस कार्रवाई के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
राजस्व कर्मियों और लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अयोध्या के कैल पारा गांव में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप को एक सोची-समझी साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है। संघ का दावा है कि संबंधित जमीन की पैमाइश से जुड़ी फाइल में जबरन पैसे रखकर विजिलेंसध्एंटी करप्शन टीम को बुलाकर द्वेषवश यह कार्रवाई कराई गई है। इस एकतरफा कार्रवाई से पूरे प्रदेश के राजस्व कर्मियों में भारी रोष व्याप्त है। इस दौरान उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ दुद्धी इकाई के महामंत्री लालबाबू, कोषाध्यक्ष मालाधारी सिंह, सुशील पाण्डेय, विमलेश श्रीवास्तव, सुधन, प्रवीण, मकबूल सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लेखपाल और राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।
अयोध्या के लेखपाल मामले को लेकर आक्रोश, काली पट्टी बांध जताया विरोध
