सेल, राउरकेला इस्पात संयंत्र द्वारा आयोजित अखिल ओडिशा शतरंज चैंपियनशिप-2025 प्रारंभ

Spread the love

राउरकेला। सेल, राउरकेला इस्पात संतंत्र (रा.इ.सं.) की क्रीडा इकाई द्वारा सर्व ओडिशा शतरंज एसोसिएशन (ए.ओ.सी.ए.) के तत्वावधान में आयोजित ओडिशा स्टेट ओपन और जूनियर अंडर 13 शतरंज चैंपियनशिप-2025 का उद्घाटन 21 मार्च, 2025 को बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में किया गया। आर.एस.पी. के कार्यपालक निदेशक (वित्‍त एवं लेखा), ए.के.बेहुरिया उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि थे। मुख्‍य महा प्रबंधक (नगर इंजीनियरिंग एवं उद्यानकृषि),  बी.के.जोजो सम्मानित अतिथि थे। मंच पर महा प्रबंधक प्रभारी (नगर सेवा एवं क्रीडा),  टी.जी.कनेकर और पूर्व अध्‍यक्ष, ए.ओ.सी.ए जी सी महापात्र  भी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि और अन्य गण्यमान्यों ने औपचारिक दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद श्री बेहुरिया ने चैंपियनशिप के उद्घाटन की घोषणा की। उन्होंने टूर्नामेंट की प्रारंभ के उपलक्ष्‍य में  शतरंज बोर्ड पर कुछ चालें चलीं।

अपने उद्घाटन भाषण में  बेहुरिया ने युवाओं को शतरंज जैसे प्रभावी मस्तिष्क उत्तेजना खेल में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के लिए इस तरह के टूर्नामेंट के आयोजन में आर.एस.पी. द्वारा दिए गए समर्थन पर प्रकाश डाला। सभी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएँ देते हुए उन्होंने सभी से पूरे टूर्नामेंट में सच्ची खेल भावना, रणनीतिक सोच और दृढ़ता का प्रदर्शन करने और अपने संज्ञानात्मक कौशल को बढ़ाने के लिए इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।

 जोजो ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रारंभ में  टी.जी.कनेकर ने स्वागत भाषण प्रस्‍तुत किया, जबकि उप प्रबंधक (क्रीडा),  रघु नंदन पाढ़ी ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापित किया। एस.एस.एम. के  अनिल मलिक ने समारोह का संचालन किया।

विशेषतः 23 मार्च को समाप्त होने वाली चैंपियनशिप में राज्य के विभिन्न हिस्सों से 242  खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मैच दो श्रेणियों में खेले जा रहे हैं। ओपन कैटेगरी में 106 नामांकन हैं और अंडर-13 श्रेणी में नामांकन की संख्या 136 है।

आर.एस.पी. के खेल विभाग ने बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और खिलाड़ियों के माता-पिता/अभिभावकों को सेक्टर-5 स्थित बीजू पटनायक हॉकी स्टेडियम में नि:शुल्क आवासीय सुविधा प्रदान किया है। सदभावना के तौर पर आर.एस.पी. ने बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की है। चैंपियनशिप के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों के लिए भी दोपहर के भोजन की व्यवस्था उपलब्द्ध कराई गई है। 8 राउंड का यह टूर्नामेंट स्विस सिस्टम के तहत खेला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *