टीन शेड के नीचे बैठने को मजबूर वादकारी और अधिवक्ता, पक्का वादकारी कक्ष बनाने की मांग
दुद्धी (सोनभद्र)। स्थानीय कचहरी परिसर और तहसील मुख्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव से अधिवक्ताओं और वादकारियों को हो रही परेशानी को लेकर बार एसोसिएशन दुद्धी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ से मिला। अधिवक्ताओं ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिला मुख्यालय से बाह्य न्यायालय व तहसील दुद्धी की दूरी अधिक होने के कारण क्षेत्र के वादकारियों और अधिवक्ताओं को पहले से ही काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद कचहरी परिसर में पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। मुख्य गेट के दोनों ओर अधिवक्ता और वादकारी टीन शेड के नीचे बैठने को विवश हैं। गर्मी, बारिश और ठंड के मौसम में यहां बैठना मुश्किल हो जाता है। छोटे बच्चों के साथ आने वाले वादकारियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। खुले में बैठने के कारण महत्वपूर्ण फाइलों और सामान की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना रहता है।
अधिवक्ताओं ने टीन शेड हटाकर पर्याप्त क्षेत्रफल में सुविधायुक्त पक्का वादकारी कक्ष बनवाने की मांग की। साथ ही कचहरी परिसर की सुरक्षा के लिए चहारदीवारी, मुख्य गेट, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी। ज्ञापन में बार एसोसिएशन के क्षतिग्रस्त सभागार की मरम्मत के साथ फॉल सीलिंग, पेंटिंग, मार्बल सीट, हाईलाइट, एसी और पूर्ण इलेक्ट्रिक वायरिंग कराने की मांग भी की गई। प्रतिनिधिमंडल में बार एसोसिएशन अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय, प्रेमचंद यादव, जितेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य अधिवक्ता शामिल रहे।
