यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के 108वें स्थापना दिवस पर चंदौली में भव्य समारोह का हुआ आयोजन

Spread the love

​108 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर दीप प्रज्ज्वलन और केक काटकर मनाया जश्न

चन्दौली। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय कार्यालय, चंदौली द्वारा राधा कृष्ण पैलेस में बैंक का 108वां स्थापना दिवस बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद के सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह ने की। ​समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि, क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय आश्वासन प्रमुख अभिषेक, ईबीसी प्रमुख पंकज कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिकारियों, स्टाफ सदस्यों और बैंक के सम्मानित ग्राहकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और केक काटकर किया गया।​अपने स्वागत भाषण में क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह ने वर्ष 1919 से शुरू हुई बैंक की 108 वर्षों की शानदार यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने चंदौली क्षेत्र की उपलब्धियों को साझा करते हुए ग्राहकों को बेहतरीन सेवाएं देने, वित्तीय समावेशन, डिजिटल बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लक्ष्यों को पूरा करने के प्रति कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को दोहराया।​

​समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बैंक के 108वें स्थापना दिवस पर पूरे बैंकिंग परिवार को बधाई दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में बैंक की 108 वर्षों की सेवाओं, किसानों व एमएसएमई (MSME) सेक्टर को समर्थन और पूर्वांचल क्षेत्र के आर्थिक विकास में इसके महत्वपूर्ण योगदान की भरपूर सराहना की।​

​इस विशेष अवसर पर बैंक में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले मेधावी कर्मचारियों, सर्वश्रेष्ठ शाखाओं और बैंक से लंबे समय से जुड़े मूल्यवान ग्राहकों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित ग्राहकों ने भी बैंक के साथ अपने अटूट विश्वास और पुराने अनुभवों को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में चंदौली क्षेत्र के अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष मिश्रा, शाखा प्रबंधकों, स्टाफ सदस्यों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और बड़ी संख्या में मौजूद ग्राहकों की उपस्थिति के बीच क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *