एनटीपीसी के 51वें स्थापना दिवस पर मेजा ऊर्जा निगम में हुआ भव्य समारोह

Spread the love

मेजा ऊर्जा निगम युवाओं के कौशल विकास, स्वावलंबन और ग्रामीण कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है -मुख्य कार्यकारी अधिकारी ,अशेष कुमार चट्टोपाध्याय

प्रयागराज। एनटीपीसी के 51वें स्थापना दिवस के अवसर पर मेजा ऊर्जा निगम (प्रा.) लिमिटेड में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत ईएमजी विभाग द्वारा आयोजित वृक्षारोपण अभियान से हुई, जिसके अंतर्गत 2,470 पौधे लगाए गए, जो संगठन की पर्यावरणीय प्रतिबद्धता का प्रतीक है। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशेष कुमार चट्टोपाध्याय के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने एनटीपीसी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए सभी कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। इसके पश्चात उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों संग केक काटा और शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर एमयूएनपीएल के सर्विस बिल्डिंग में प्रथम ईवी चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन भी किया गया, जो संगठन की हरित अवसंरचना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एनटीपीसी के 50 वर्षों की उत्कृष्टता के उपलक्ष्य में मेजा ऊर्जा निगम ने दो सामाजिक पहलें भी आरंभ कीं । स्थानीय युवाओं के कौशल विकास हेतु 40 अभ्यर्थियों को “मशीन ऑपरेटर (टूल रूम)” ट्रेड में 4 माह का निशुल्क रोजगारोन्मुखी आवासीय प्रशिक्षण, सीपेट, लखनऊ में मिलेगा। परियोजना क्षेत्र के ग्रामों में 50 हैंडपंप स्थापना योजना, जिसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

 चट्टोपाध्याय ने कहा, “मेजा ऊर्जा निगम युवाओं के कौशल विकास, स्वावलंबन और ग्रामीण कल्याण के लिए निरंतर कार्यरत है।” उन्होंने प्रशिक्षण में नामांकित 10 बालिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे अन्य युवतियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। इस अवसर पर  नरेंद्र नाथ सिन्हा (महाप्रबंधक, प्रचालन एवं अनुरक्षण),  आनंद प्रकाश (महाप्रबंधक, परियोजना),  अशोक कुमार सामल (महाप्रबंधक, अनुरक्षण), डॉ. मनीषा पांडे (मुख्य चिकित्सा अधिकारी),  विवेक चन्द्र (विभागाध्यक्ष, मानव संसाधन) एवं  अजय सिंह (उप महाप्रबंधक, मानव संसाधन) सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *