एनटीपीसी के युवा पीआरओ मुकुल तायल का आकस्मिक निधन, संगठन में शोक की लहर

Spread the love

हजारीबाग। एनटीपीसी के केरेडारी (चट्टीबरियातू) साइट कार्यालय में कार्यरत जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मुकुल तायल का आकस्मिक निधन सोमवार को रांची में हो गया। हृदयगति रुकने के कारण मात्र 27 वर्ष की अल्प आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके असमय निधन से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे एनटीपीसी संगठन में शोक की लहर है।

दिल्ली के शाहदरा निवासी मुकुल तायल का जन्म 18 सितंबर 1998 को हुआ था। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से 2020-21 सत्र में हिंदी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा किया। इसके बाद सितंबर 2021 में एनटीपीसी की झारखंड स्थित हजारीबाग जिले की केरेडारी परियोजना में पीआरओ के रूप में अपनी सेवाएं देना प्रारंभ किया।

शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के बावजूद मुकुल ने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और सकारात्मक सोच से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सभी का दिल जीता। वे 29 जून (रविवार) को दिल्ली से रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पहुंचे थे और एनटीपीसी सर्किट हाउस में रात विश्राम के बाद सोमवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टर के पास ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से एनटीपीसी के सहकर्मी, अधिकारीगण एवं पत्रकारिता जगत से जुड़े लोग गहरे शोक में हैं। उनके योगदान और जुझारू व्यक्तित्व को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *